बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव और हिंसा के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग पर देश में अशांति फैलाने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। भारत से सटे लालमोनिरहाट जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए रहमान ने कहा कि देश छोड़कर सीमा पार गईं अवामी लीग की नेता और उनके समर्थक अपने कथित ‘आकाओं’ को खुश करने के लिए बांग्लादेश के खिलाफ गतिविधियां कर रहे हैं। उन्होंने किसी देश का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को भारत की ओर संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अवामी लीग की ओर से बुलाए गए देशव्यापी बंद के दौरान बांग्लादेश के कई इलाकों में आगजनी, तोड़फोड़, देसी बम धमाकों और राजनीतिक हिंसा की खबरें सामने आईं। सरकार ने हालात पर काबू पाने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई है।
तारिक रहमान ने क्या कहा?
लालमोनिरहाट में सभा को संबोधित करते हुए रहमान ने आरोप लगाया कि अगस्त 2024 में सत्ता से हटने के बाद देश छोड़कर गए अवामी लीग के नेता बांग्लादेश के हितों के खिलाफ साजिश कर रहे हैं। उनके मुताबिक, ये नेता उस देश में शरण लिए हुए हैं जो बांग्लादेश की सीमा के पार है और वहां बैठे अपने ‘आकाओं’ को खुश करने के लिए देश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
रहमान ने अवामी लीग के समर्थकों पर आगजनी और लोगों की हत्या जैसी हिंसक गतिविधियों को फिर से बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के लोग अपहरण, हत्याओं, आगजनी, आतंकवाद और मताधिकार छीनने वाली राजनीति की ओर लौटना नहीं चाहते। उन्होंने नागरिकों और राजनीतिक दलों से ऐसी हिंसा के खिलाफ एकजुट रहने की अपील की।
अवामी लीग के बंद के दौरान कई जगह हिंसा
बांग्लादेश में गुरुवार को अवामी लीग के देशव्यापी बंद के आह्वान के बीच कई जिलों से हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। राजधानी ढाका में देसी बम विस्फोटों की खबरें आईं, जबकि कुछ इलाकों में बसों और अन्य वाहनों को आग के हवाले किया गया। गोपालगंज सहित कई क्षेत्रों में राजनीतिक नेताओं के घरों, दुकानों और सार्वजनिक संपत्तियों को निशाना बनाए जाने की खबरें भी सामने आईं।
चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में भी आग लगाए जाने की घटना सामने आई। पुलिस और प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई। रिपोर्टों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सात जिलों में करीब 3,000 अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया। ढाका में पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान और वाहनों की जांच भी तेज की।
शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी को लेकर भी तनाव
शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सत्ता छोड़कर बांग्लादेश से चली गई थीं और तब से भारत में रह रही हैं। उन्होंने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है। इसी बीच उनके लिए नए बांग्लादेशी पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (नेशनल आईडी) की मांग को लेकर उनके कानूनी प्रतिनिधियों ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग से संपर्क किया है।
बांग्लादेश सरकार ने उनकी वापसी और प्रत्यर्पण के मुद्दे पर भारत के साथ कानूनी प्रक्रिया का हवाला दिया है। ढाका की ओर से भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग भी की जाती रही है। इस मुद्दे ने दोनों देशों के रिश्तों में कूटनीतिक संवेदनशीलता बढ़ाई है।
भारत-बांग्लादेश संबंधों पर बयान का असर
तारिक रहमान ने अपने भाषण में भारत का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया। हालांकि, ‘सीमा पार’ और वहां मौजूद ‘आकाओं’ का उल्लेख ऐसे समय किया गया है, जब शेख हसीना भारत में रह रही हैं और उनके प्रत्यर्पण का मुद्दा दोनों देशों के बीच चर्चा में है। इसलिए उनके बयान को भारत की ओर परोक्ष संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
बांग्लादेश में जारी हिंसा, अवामी लीग पर प्रतिबंध और शेख हसीना की संभावित वापसी से जुड़ा विवाद आने वाले दिनों में देश की राजनीतिक और सुरक्षा स्थिति के लिए अहम बना रहेगा। फिलहाल सरकार ने हिंसा पर नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया है।



