वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हुए हैं। जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में एक यात्री की थाली में दाल के अंदर मृत कीड़ा मिलने की शिकायत की जांच के बाद भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने संबंधित कैटरिंग कंपनी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। मामला 19 नवंबर को ट्रेन संख्या 22310 का है।
जांच में दाल में मृत कीड़ा मिलने की पुष्टि
शिकायत मिलने के बाद IRCTC के मुख्य पर्यवेक्षक ध्रुवज्योति दास ने यात्री से संपर्क किया और मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद ऑनबोर्ड कैटरिंग सुपरवाइजर और संबंधित कर्मचारियों ने भी यात्री से बात की। जांच के दौरान भोजन में परोसी गई दाल में मृत कीड़ा मिलने की पुष्टि हुई।
यात्री से खेद जताते हुए भोजन बदलने की पेशकश की गई, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।
कैटरिंग कंपनी को कच्ची दाल का बैच हटाने का आदेश
मामले में भोजन आपूर्ति करने वाली कंपनी मेसर्स संकल्प रिक्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कंपनी को स्टोर में रखी कच्ची दाल का पूरा संबंधित बैच हटाने का निर्देश दिया गया है।
ड्यूटी पर तैनात खाद्य सुरक्षा पर्यवेक्षक को भी किचन की मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की चेतावनी दी गई है।
बेस किचन का निरीक्षण, दाल का नमूना लैब भेजा जाएगा
IRCTC ने संबंधित बेस किचन का तत्काल निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। साथ ही दाल का नमूना लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने को कहा गया है। इस कार्रवाई को पूर्वी क्षेत्र के महाप्रबंधक की मंजूरी मिली है।
प्रीमियम ट्रेन में भोजन की गुणवत्ता से जुड़ी यह घटना खानपान व्यवस्था की निगरानी और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल उठाती है। यात्रियों की शिकायत पर की गई कार्रवाई के बाद अब बेस किचन की जांच और लैब रिपोर्ट पर नजर रहेगी।



